जनता इंटर कॉलेज सीनियर डिवीजन में हुई एनसीसी कैडेट्स की भर्ती
भर्ती प्रक्रिया में 89 पंजीकृत छात्रों जिनमें 55 ब्वायज एवं 34 गर्ल्स ने लिया हिस्सा ।
दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 छात्र -छात्राओं का अंतिम रूप से किया जाएगा चयन 
मुजफ्फरनगर /भोपा: जनता इंटर कॉलेज भोपा में 82 यूपी एनसीसी बटालियन मुजफ्फरनगर के तत्वावधान में कमांडिंग ऑफिसर कर्नल प्रवीण भाल वीएसएम के दिशा-निर्देशन एवं एडम आफिसर कर्नल नवीन पराशर के मार्गदर्शन में सीनियर डिवीजन में एनसीसी कैडेट्स की नई भर्ती की गई। प्रथम चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा एवं दूसरे चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई। भर्ती प्रक्रिया में 89 पंजीकृत छात्रों जिनमें 55 ब्वायज एवं 34 गर्ल्स ने हिस्सा लिया।दोनों चरणों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 51 छात्र -छात्राओं का अंतिम रूप से चयन किया जाएगा।
मंगलवार को प्रथम चरण में शारीरिक दक्षता परीक्षा के अन्तर्गत दौड़ प्रतिस्पर्धा में हरी झंडी दिखाकर छात्रों को रवाना करते हुए एनसीसी प्रभारी चीफ ऑफिसर रमन सिंह ने कहा कि एनसीसी भारतीय सेना की द्वितीय रक्षा पंक्ति है।इससे कैडेट्स में देश एवं समाज सेवा का जज्बा पैदा होता है। एनसीसी का उद्देश्य एकता और अनुशासन है।कैरियर निर्माण में भी एनसीसी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की शिक्षण संस्थाओं में विद्यालय अनुशासन,खेलकूद, लिखाई- पढ़ाई, सांस्कृतिक एवं पाठय सहगामी क्रियाकलापों में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। सीनियर एनसीसी प्रभारी मेजर अरविंद कुमार ने छात्रों को जानकारी देते हुए बताया कि एनसीसी केवल एक पाठ्यक्रम नहीं, अपितु युवाओं में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, आत्मावलोकन और देशभक्ति की भावना विकसित करने का एक सशक्त माध्यम है। केन्द्रीय एवं राज्य स्तर पर प्रमाण-पत्र धारी एनसीसी कैडेट्स को विभिन्न विभागों की भर्तियों में बोनस अंक अर्जित किए जा रहें है। इसके साथ ही एनसीसी कैडेट्स रक्तदान,नागरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, वृक्षारोपण, रक्तदान, टीकाकरण , सामाजिक जागरूकता जैसी सामाजिक गतिविधियों में हिस्सा लेकर समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। छात्र जीवन में ही यदि युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण व अनुशासित जीवन शैली का अनुभव मिल जाए तो उनके भारतीय सेना, अर्धसैनिक बलों व अन्य सुरक्षा बलों में जाने का मार्ग आसान हो जाता है।इस अवसर पर सूबेदार संकल्प,, सूबेदार पवन कुमार, हवलदार सुखविंदर सिंह,वरिष्ठ प्रशासनिक लिपिक विनोद कुमार, सीनियर अण्डर आफिसर हर्षित कुमार, सीनियर अण्डर आफिसर विधि राठी सहित सैन्य एवं एनसीसी विभाग के अधिकारी, सीनियर एनसीसी कैडेट्स मौजूद रहे।