मुजफ्फरनगर के थाना सायबर क्राइम पुलिस को मिली बड़ी सफलता
‘विजन ट्रेड इंडिया’ के नाम पर व्यापारियों से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, 3 गिरफ्तार
विदेशों में बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने का झांसा देकर लाखों की ठगी का आरोप, 30 से अधिक शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आई

मुजफ्फरनगर। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने व्यापारियों को देश-विदेश में बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने, विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने और विभिन्न प्रमाण-पत्र बनवाने का झांसा देकर कथित रूप से ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन, एक पैन कार्ड, कंपनी से संबंधित दस्तावेज और ICE-UK के फर्जी प्रमाण-पत्र बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, साइबर अपराध की शिकायतों की जांच के दौरान गृह मंत्रालय, भारत सरकार के ऑनलाइन पोर्टल ‘प्रतिबिम्ब’ पर प्राप्त जानकारी से पता चला कि कुछ शिकायतों में ठगी की रकम मुजफ्फरनगर से एटीएम के माध्यम से निकाली गई थी। इसके बाद साइबर क्राइम पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और जांच शुरू की।
जांच में कथित तौर पर सामने आया कि आरोपी ‘विजन ट्रेड इंडिया’ नामक वेबसाइट के माध्यम से थोक व्यापारियों को देश-विदेश में सामान बेचने और बड़े व्यापारिक ऑर्डर दिलाने का झांसा देते थे। कृषि उत्पाद, कपड़े एवं फैशन, ऑटोमोबाइल पार्ट्स, इलेक्ट्रॉनिक्स, फर्नीचर और रसायन समेत विभिन्न उत्पादों के लिए विदेशी खरीदार उपलब्ध कराने का दावा किया जाता था।
सदस्यता और सर्टिफिकेशन के नाम पर लेते थे रकम
पुलिस के अनुसार, व्यापारियों से पहले सब्सक्रिप्शन और सदस्यता शुल्क के नाम पर रकम ली जाती थी। इसके बाद GMP, ISO और ICE-UK जैसे विभिन्न प्रमाण-पत्रों एवं वेरिफिकेशन के नाम पर अतिरिक्त धनराशि जमा कराने को कहा जाता था। पुलिस जांच में इन प्रमाण-पत्रों में से कुछ के फर्जी होने की जानकारी सामने आने की बात कही गई है।
आरोप है कि रकम लेने के बाद व्यापारियों को वास्तविक व्यापारिक सौदे या खरीदार उपलब्ध नहीं कराए जाते थे। बाद में आरोपी कॉल और व्हाट्सऐप संदेशों का जवाब देना बंद कर देते थे।
30 से अधिक शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ की धोखाधड़ी
साइबर क्राइम पुलिस की जांच में विभिन्न राज्यों से संबंधित 30 से अधिक साइबर अपराध शिकायतों में करीब 1.50 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी सामने आने की बात कही गई है। पुलिस का कहना है कि अन्य शिकायतों, मोबाइल नंबरों और संबंधित बैंक खातों की भी जांच जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
विशाल सैनी पुत्र राजेन्द्र सैनी, निवासी पारासौली, थाना बुढ़ाना, मुजफ्फरनगर।
गौरव कुमार पुत्र बच्चा बाबू शाह, निवासी पालमगांव, नई दिल्ली, मूल निवासी दरभंगा, बिहार।
शिवम कुमार पुत्र गिरजानन्द कुमार, निवासी द्वारिका, नई दिल्ली, मूल निवासी दरभंगा, बिहार।
यह सामान हुआ बरामद
03 मोबाइल फोन
01 पैन कार्ड
कंपनी से संबंधित दस्तावेज
ICE-UK के फर्जी प्रमाण-पत्र
पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 35/2026 के तहत धारा 318(4), 3(5), 111, 336(3), 338, 340(2) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है।