बजाज शुगर मिल बुढ़ाना में पेराई सत्र 2026-27 का विधि-विधान के साथ शुभारंभ
हवन-पूजन के बाद अतिथियों और किसानों की मौजूदगी में कैन कैरियर में गन्ना डालकर शुरू हुआ पेराई सत्र

बुढ़ाना: बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड की बुढ़ाना इकाई में गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को पेराई सत्र 2026-27 का शुभारंभ विधि-विधान एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। इस अवसर पर मिल परिसर में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए, जिसमें क्षेत्र के गणमान्य लोगों, किसान प्रतिनिधियों और मिल अधिकारियों ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ 4 नवंबर को प्रातः 10 बजे अखंड रामायण पाठ के साथ हुआ। गुरुवार सुबह 10 बजे रामायण पाठ का विधिवत समापन किया गया। इसके बाद हवन, पूजन एवं आरती का आयोजन हुआ। धार्मिक अनुष्ठान संपन्न होने के पश्चात मिल के इकाई प्रमुख चंद्रवीर सिंह, मुख्य अतिथि गन्ना विकास सहकारी समिति बुढ़ाना के अध्यक्ष निर्भय सहरावत तथा एससीडीआई (गन्ना समिति, बुढ़ाना) संजय सिंह ने क्षेत्र के सम्मानित किसानों, मिल के विभागाध्यक्षों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में कैन कैरियर में गन्ना डालकर नए पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों एवं किसान भाइयों ने आगामी पेराई सत्र की सफलता, किसानों की खुशहाली और क्षेत्र की समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम के समापन पर सभी आमंत्रित अतिथियों एवं किसानों के लिए सामूहिक भोज की व्यवस्था भी की गई।
बजाज हिंदुस्तान शुगर लिमिटेड, इकाई बुढ़ाना परिवार की ओर से सभी अतिथियों एवं किसान भाइयों का स्वागत और आभार व्यक्त किया गया। साथ ही पेराई सत्र 2026-27 के सफल, सुचारु एवं लाभकारी संचालन की कामना की गई।