दीपावली से पहले मुजफ्फरनगर में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 मिठाई दुकानों पर छापेमारी
18 खाद्य पदार्थों के नमूने जांच को भेजे
दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज के मद्देनजर 7 टीमों ने चलाया विशेष अभियान, खोया, पनीर, मिठाई और नमकीन समेत कई खाद्य पदार्थों के लिए नमूने

मुजफ्फरनगर : त्योहारों के सीजन में आम जनता को गुणवत्तापरक एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मुजफ्फरनगर में विशेष अभियान चलाते हुए मिठाई की दुकानों पर औचक छापेमारी की। 4 नवंबर 2026 को चलाए गए इस अभियान के दौरान खाद्य विभाग की 7 टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित 13 प्रतिष्ठानों से कुल 18 खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी मुजफ्फरनगर के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। अभियान में सहारनपुर मंडल के सहायक आयुक्त (खाद्य) अशोक कुमार एवं मुजफ्फरनगर की सहायक आयुक्त (खाद्य)-II अर्चना धीरान के निर्देशन में टीमों ने कार्रवाई की।
इन प्रतिष्ठानों से लिए गए नमूने

खाद्य विभाग की टीमों ने निम्नलिखित प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने लिए:
नन्दी स्वीट्स, कचहरी चौराहा – बर्फी।
शंकर स्वीट्स, अंसारी रोड – खोया।
दौलतराम स्वीट्स, मुजफ्फरनगर – खोया।
स्वीट्स कॉर्नर, नई मंडी – खोया।
मदन संस स्वीट्स, मालवीय चौक – चेरी लड्डू एवं बादशाही नमकीन।
ऋषि स्वीट्स, प्रकाश चौक – आम पापड़ एवं बादशाही नमकीन।
रुचि स्वीट्स, नई मंडी – पतीसा एवं पनीर।
भगत जी स्वीट्स, मंसूरपुर – खोया।
बिकानेरवाला स्वीट्स, खतौली बाईपास – राजभोग।
गर्ग स्वीट्स, महावीर चौक – छैना टोस्ट।
भगत जी स्वीट्स, खतौली इंद्रा मूर्ति – तरबूज मिठाई।
अरिहंत स्वीट्स, खतौली – खोया, बंगाली स्वीट्स एवं बूंदी का लड्डू।
अग्रवाल स्वीट्स, मुजफ्फरनगर – काजू कतली।
लखनऊ प्रयोगशाला भेजे गए सभी 18 नमूने
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, संग्रहित किए गए सभी 18 नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, लखनऊ भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के अंतर्गत नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई एवं खाद्य पदार्थों का कारोबार करने वाले प्रतिष्ठानों में हलचल मची हुई है। विभाग का कहना है कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए इस तरह के विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे।