यूपीएससी की तैयारी कर रही छात्रा वर्णिका के आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए बनाया गया एक दिन का एसडीएम
मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश की जनपद मुजफ्फरनगर में जिला प्रशासन ने सराहनीय कदम उठाते हुए पीएससी की तैयारी के दौरान हादसे का शिकार हुई एक होनहार छात्रा वर्णिका के डगमगा रहे आत्मविश्वास को बढ़ाने के लिए उन्हें एक दिन का एसडीएम बनाया गया है । इस दौरान छात्रा ने उपजिलाधिकारी की कुर्सी पर बैठते ही तहसील में आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता पूर्वक सुना और निस्तारण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
दरअसल जनपद मुजफ्फरनगर के कस्बा जानसठ के मोहल्ला शाहवान निवासी और तहसील जानसठ बार संघ के अधिवक्ता सोनी गुर्जर की पुत्री वर्णिका ने एमएससी की परीक्षा पास की है। वर्णिका वर्तमान में यूपीएससी की तैयारी कर रही हैं। महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम के अनुसार बुधवार को छात्रा वर्णिका को एक दिन के लिए जानसठ की एसडीएम बनाया गया। इस दौरान छात्रा ने जनता की समस्याओं को सुनकर निर्देश दिए।एसडीएम सुबोध कुमार ने बताया कि कस्बा निवासी छात्रा वर्णिका यूपीएससी की तैयारी कर रही है, लेकिन हादसे के चलते पिछले सात माह से बेड रेस्ट पर थी। छात्रा का विश्वास का स्तर कम होने लगा था। जैसे ही मामले की जानकारी एसडीएम को लगी तो, उन्होंने छात्रा का उत्साह बढ़ाने के लिए उसे एक दिन का एसडीएम बनाया है। इस दौरान अधिवक्ता स्नेहलता सैनी, सचिव योगेश गुर्जर, यशवंत सिंह कांबोज एडवोकेट, सुरेंद्र कुमार एडवोकेट, दीपेश गुप्ता, आशुतोष बंसल, निशांत कांबोज, दिनेश बंसल मौजूद रहे।