मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया नर्सिंग का फर्जी डिप्लोमा बनकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़

मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया नर्सिंग का फर्जी डिप्लोमा बनकर बेचने वाले गिरोह का भंडाफोड़

10 आरोपी गिरफ्तार, गिरोह के द्वारा बनाए गए फर्जी कागजात के आधार पर कई दर्जन युवक व युवतियां प्राइवेट अस्पतालों में है कार्यरत

उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में रविवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए थाना ककरौली पुलिस द्वारा पकड़े गए बड़े फर्जी डिप्लोमा और नकली कागजात बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए जानकारी दी है इस मामले में कुल 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार यह गिरोह मुख्य रूप से नर्सिंग से जुड़े फर्जी डिप्लोमा, रजिस्ट्रेशन प्रमाण-पत्र और मार्कशीट तैयार कर युवाओं को बेचने का काम कर रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के अनुसार थाना काकरोली पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति फर्जी दस्तावेजों के साथ संभलहेड़ा जाने वाली नहर पटरी पर मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर मेरठ के न्यूटिमा हॉस्पिटल और हिम्स हॉस्पिटल से पांच अन्य आरोपियों को भी दबोच लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से 10 मोबाइल फोन, एक हार्ड डिस्क, 17 फाइलों में रखे फर्जी डिप्लोमा और मार्कशीट, दो सीपीयू, दो मॉनिटर, प्रिंटर, लेमिनेशन मशीन, स्टेप्लर, फोटो पेपर, विभिन्न आईडी दस्तावेज तथा एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि गिरोह का एक सदस्य कंप्यूटर सेंटर पर बैठकर फर्जी प्रमाण-पत्र और मार्कशीट तैयार करता था। अन्य आरोपी उसे लोगों का डाटा और क्यूआर कोड उपलब्ध कराते थे। तैयार दस्तावेज पहले करीब 4 हजार रुपये में बेचे जाते थे, जिन्हें आगे 25 हजार रुपये प्रति दस्तावेज तक में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जाता था।

पुलिस के अनुसार यह गिरोह पिछले काफी समय से फर्जी शैक्षिक दस्तावेज तैयार कर अवैध कमाई कर रहा था। मामले में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस सराहनीय कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *