जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर गरजे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पीओके पर दिया बड़ा बयान,

जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है

डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर गरजे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, पीओके पर दिया बड़ा बयान

मुजफ्फरनगर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती संस्मरण पखवाड़ा के अंतर्गत गांधी कॉलोनी स्थित गांधी वाटिका में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) को लेकर बड़ा राजनीतिक बयान दिया।
राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने राष्ट्र की एकता और अखंडता के लिए अपना जीवन समर्पित किया। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता वर्षों से यह संकल्प दोहराते आए हैं कि “जहां हुए बलिदान मुखर्जी, वह कश्मीर हमारा है।” उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश मजबूत हुआ है और जनता की इच्छा है कि पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) का भी भारत में विलय हो।
उन्होंने डॉ. मुखर्जी के राजनीतिक जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वे निर्दलीय सांसद के रूप में संसद पहुंचे और मंत्री बने, लेकिन तत्कालीन प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की नीतियों से असहमति जताते हुए उन्होंने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। उनका पूरा जीवन राष्ट्रहित और अखंड भारत की विचारधारा को समर्पित रहा।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी सूर्य प्रकाश पाल ने कहा कि कुछ लोगों की कथित गलतियों के आधार पर पूरे संघ परिवार और विश्व हिंदू परिषद को बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है, जिसे भाजपा कार्यकर्ता सफल नहीं होने देंगे।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. सुधीर सैनी ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त करने के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री संजय गर्ग ने किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। इस दौरान डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *