सहारनपुर: लैब टेक्नीशियन और शिक्षिका की संदिग्ध मौत से सनसनी, प्रेम संबंध और पारिवारिक विरोध की जांच में जुटी पुलिस

सहारनपुर के सदर बाजार थाना क्षेत्र स्थित एसबीआई कॉलोनी में एक किराये के कमरे से लैब टेक्नीशियन और एक निजी इंटर कॉलेज की शिक्षिका के शव मिलने से सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध और पारिवारिक असहमति से जुड़ा माना जा रहा है, हालांकि पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि की जाएगी।
पुलिस के अनुसार, मृतक सैम कमनिश (40) मूल रूप से केरल का निवासी था और पिछले करीब दस वर्षों से सहारनपुर के मेडीग्राम अस्पताल में लैब टेक्नीशियन के रूप में कार्यरत था। वहीं, मृतका आस्था गागलहेड़ी क्षेत्र की रहने वाली थी और एक निजी इंटर कॉलेज में शिक्षिका थी। दोनों के बीच पिछले चार वर्षों से प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है।

बताया जा रहा है कि करीब चार साल पहले आस्था की मां के इलाज के दौरान मेडीग्राम अस्पताल में दोनों की मुलाकात हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पुलिस के मुताबिक, सैम पहले से शादीशुदा था और उसकी पत्नी कई वर्षों से दिल्ली में रह रही थी। वहीं, आस्था के परिजन इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे।
बुधवार सुबह आस्था घर से कॉलेज जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन कॉलेज नहीं पहुंची। देर शाम तक घर वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और पुलिस को सूचना दी। आस्था के पिता ने सैम पर शक जताया, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू की। सीसीटीवी फुटेज में दोनों एक कार से जाते हुए दिखाई दिए। कार चालक से पूछताछ के बाद पुलिस सैम के किराये के कमरे तक पहुंची।

कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो सैम का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस के अनुसार उसके हाथ की नस भी कटी हुई थी। वहीं, आस्था का शव कमरे के फर्श पर पड़ा था और उसके मुंह से झाग निकल रहा था। प्रारंभिक आशंका है कि उसने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया था।
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आस्था का शव परिजनों को सौंप दिया गया है, जबकि सैम के परिजनों के केरल से आने का इंतजार किया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष निकाला जाएगा।