मुजफ्फरनगर के डी ए वी इंटर कॉलेज में हुआ एनसीसी के वार्षिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ

मुजफ़्फरनगर : उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में शनिवार दिनांक 23 मई को 82 यूपी एन.सी.सी. बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल प्रवीण भाल एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल नवीन पाराशर के कुशल नेतृत्व में मुजफ्फरनगर के आर्य समाज रोड स्थित डीएवी इंटर कॉलेज में एन.सी.सी. के वार्षिक प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। इसके लिए सुबह से ही शिविर में प्रतिभाग करने हेतु एनसीसी कैडेट्स का आगमन एवं बायोमेट्रिक रजिस्ट्रेशन प्रारंभ हो गया। यह कैंप दिनांक 1 जून तक जारी रहेगा। शिविर में प्रतिभाग करने वाले एनसीसी कैडेट्स सेना की कार्यशैली से संबंधित विभिन्न गतिविधियों का प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। साथ ही उन्हें अच्छे नागरिक के कर्तव्यों के पालन के गुण सिखाए जाएंगे।
एन.सी.सी. के इस वार्षिक प्रशिक्षण का महत्व बताते हुए कैंप कमांडेंट कर्नल प्रवीण भाल ने बताया कि एन.सी.सी. युवाओं से संबंधित एक महत्वपूर्ण संगठन है जो उन्हें अच्छे नागरिक बनने का प्रशिक्षण देता है।
शिविर के दौरान सभी कैडेट्स रेजीमेंट दिनचर्या का प्रशिक्षण लेंगे जिसमें मैप रीडिंग, फासले का अंदाजा लगाना, फील्ड क्राफ्ट, फायरिंग, ड्रिल एवं व्यक्तित्व विकास शामिल हैं । इसके अतिरिक्त विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित विशेषज्ञों को आमंत्रित किया जाएगा जो कैडेट्स को विभिन्न क्षेत्रों में कैरियर संबंधी अवसर के बारे में मार्गदर्शन देंगे।
कैंप में व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए एनसीसी बटालियन का स्टाफ एवं विभिन्न स्कूलों के सहयोगी एन.सी.सी. अधिकारी शिविर में उपस्थित रहेंगे।