एनसीसी ग्रुप कमांडर ने किया शिविर का निरीक्षण

मुज़फ़्फ़रनगर : एनसीसी मेरठ ग्रुप के कमांडर ब्रिगेडियर पी एस जांगू (सेना मेडल) ने डीएवी इंटर कॉलेज में चल रहे एनसीसी शिविर का निरीक्षण किया। ग्रुप कमांडर ने सर्वप्रथम कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत गार्ड ऑफ़ ऑनर का निरीक्षण किया। इसके पश्चात उन्होंने कैडेट्स लाइन एरिया का भी निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कैडेट्स से संवाद करते हुए एनसीसी के महत्व को समझाया एवं बताया कि किस प्रकार एक अच्छा कैडेट देश की उन्नति में अपना योगदान दे सकता है। कैडेट्स का काम न केवल सैनिक के रूप में अपना योगदान देने का होता है बल्कि समाज की सेवा करने का भी होता है। साथ ही उन्होंने शिविर में संचालित विभिन्न कक्षाओं का निरीक्षण किया एवं कैडेट्स का मार्गदर्शन किया।

आज संचालित होने वाली कक्षाओं में मुख्य रूप से मैप रीडिंग, फील्ड सिगनल्स एवं इन्फेंट्री बटालियन की संरचना के विषय में कैडेट्स को अवगत कराया गया।
मध्य अवकाश के पश्चात कैडेट्स को यातायात संबंधी प्रशिक्षण दिया गया। इस हेतु एसपी यातायात द्वारा नियुक्त यातायात उप निरीक्षक पुष्पेंद्र कुमार ने यातायात के नियमों को विस्तार पूर्वक कैडेट्स को समझाया एवं बताया कि किस प्रकार यातायात के नियमों का पालन करके शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू रखा जा सकता है। इसके साथ ही उन्होंने आपात स्थितियों में एनसीसी कैडेट्स द्वारा यातायात व्यवस्था को संभालने के गुरु भी सिखाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने कानून व्यवस्था को बनाए रखने के लिए ड्राइविंग लाइसेंस एवं वाहन बीमा संबंधी महत्वपूर्ण नियम भी समझाए।
अंत में शाम के समय खेलकूद का आयोजन किया गया। कैंप की इन तमाम गतिविधियों को सुचारू रूप से संपन्न कराने में सहयोगी एनसीसी अधिकारियों एवं समस्त पी आई स्टाफ का पूर्ण सहयोग रहा।