पश्चिम UP की कृषि संस्कृति पहुंची प्रधानमंत्री आवास, जयंत चौधरी ने भेंट किया पश्चिम उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बना हल और प्रसिद्ध गुड़ व शक्कर

नई दिल्ली, 10 जून 2026। केंद्र में NDA सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री चौधरी जयंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कृषि संस्कृति के प्रतीकों से स्वागत कर किसानों के सम्मान का संदेश दिया।
इस विशेष अवसर पर चौधरी जयंत सिंह ने पश्चिमी यूपी का प्रसिद्ध प्राकृतिक गुड़, शक्कर एवं खांड तथा मुजफ्फरनगर की लकड़ी से निर्मित पारंपरिक हल प्रधानमंत्री को भेंट किया। इन उपहारों के माध्यम से उन्होंने भारतीय किसान की मेहनत, समृद्ध कृषि परंपरा और मिट्टी से उसके गहरे जुड़ाव को प्रदर्शित किया।
चौधरी जयंत सिंह ने कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की पहचान किसान है और किसान की पहचान हल, गुड़, शक्कर और खांड से होती है। उन्होंने कहा कि NDA सरकार के पिछले 12 वर्षों में किसानों के सम्मान, कृषि विकास और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। यह भेंट उसी किसान शक्ति और कृषि संस्कृति को सम्मान देने का प्रतीक है।
उन्होंने कहा कि हाल ही में गन्ना नियंत्रण कानून-2026 को वापस लिए जाने का निर्णय इस बात का प्रमाण है कि NDA सरकार किसानों के हितों को लेकर पूरी तरह सजग, संवेदनशील और प्रतिबद्ध है। सरकार किसानों की भावनाओं का सम्मान करते हुए लगातार उनके हित में फैसले ले रही है।
देशभर में NDA सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे समय में राष्ट्रीय लोकदल द्वारा प्रधानमंत्री को पश्चिमी उत्तर प्रदेश की कृषि विरासत से जुड़े प्रतीक भेंट करना किसानों और कृषि संस्कृति के सम्मान का एक महत्वपूर्ण संदेश माना जा रहा है।
इस अवसर ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि भारत की प्रगति का आधार गांव, किसान और कृषि परंपराएं हैं, जिनके सशक्तिकरण से ही विकसित भारत का सपना साकार होगा। :::