केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से सम्मानित हुए निरीक्षक कर्मवीर सिंह, एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने किया सम्मानित

मुजफ्फरनगर: जनपद मुजफ्फरनगर के साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक कर्मवीर सिंह को उनकी उत्कृष्ट विवेचना और असाधारण अपराध जांच कौशल के लिए प्रतिष्ठित केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक-2024 से सम्मानित किया गया है। गुरुवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने निरीक्षक कर्मवीर सिंह को पदक प्रदान कर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
निरीक्षक कर्मवीर सिंह को यह सम्मान वर्ष 2019 में जनपद शामली में हुए चर्चित भजन गायक अजय पाठक और उनके परिवार के चार सदस्यों की हत्या के सनसनीखेज मामले की उत्कृष्ट विवेचना के लिए प्रदान किया गया है। इस हत्याकांड में आरोपी हिमांशु सैनी ने अजय पाठक सहित परिवार के कुल चार लोगों की निर्मम हत्या कर दी थी।
मामले की जांच के दौरान तत्कालीन विवेचक कर्मवीर सिंह ने तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों का प्रभावी उपयोग करते हुए घटनाक्रम की गहन पड़ताल की। उन्होंने सशक्त और वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र कर आरोपी हिमांशु सैनी को गिरफ्तार कराया तथा न्यायालय में मजबूत आरोप पत्र दाखिल किया।
कर्मवीर सिंह की गुणवत्तापूर्ण विवेचना और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर वर्ष 2024 में माननीय न्यायालय ने आरोपी हिमांशु सैनी को इस जघन्य हत्याकांड में मृत्युदंड की सजा सुनाई थी।
इस उपलब्धि पर एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने निरीक्षक कर्मवीर Singh की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वे इसी निष्ठा और समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करते रहेंगे।
केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक प्राप्त होने पर पुलिस विभाग में खुशी का माहौल है और अधिकारियों व कर्मचारियों ने निरीक्षक कर्मवीर सिंह को शुभकामनाएं दी हैं।