मंत्री कपिल देव अग्रवाल से मिले राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष, भगवान दक्ष प्रजापति चौक निर्माण की उठाई मांग
वरिष्ठ भाजपा नेता सजीव संगम प्रजापति भी मौके पर रहे मौजूद
मुजफ्फरनगर : 15 जून 2026। राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति का सोमवार को अचानक मुजफ्फरनगर आगमन हुआ। इस दौरान उन्होंने जनपद में प्रजापति समाज से जुड़े विभिन्न मुद्दों एवं समाज में व्याप्त असंतोष के विषय में स्थानीय पदाधिकारियों से विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के जिला अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह प्रजापति ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को अवगत कराया कि नगर में भगवान दक्ष प्रजापति चौक के निर्माण की मांग वर्ष 2010 से लगातार उठाई जा रही है। उन्होंने बताया कि नगर पालिका अध्यक्ष, विधायक, सांसद एवं अन्य जनप्रतिनिधियों को समय-समय पर लिखित प्रस्ताव भी सौंपे गए, लेकिन आज तक इस दिशा में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।
भूपेंद्र सिंह प्रजापति ने कहा कि नगर में अन्य महापुरुषों के नाम पर चौक एवं स्मारकों का निर्माण कराया गया है, जबकि प्रजापति समाज के आराध्य भगवान दक्ष प्रजापति के नाम पर चौक का निर्माण न होने से समाज स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहा है। उन्होंने इसे समाज की लंबे समय से चली आ रही प्रमुख मांग बताया।
इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने प्रतिनिधिमंडल के साथ उत्तर प्रदेश सरकार में कौशल विकास (स्वतंत्र प्रभार) राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मंत्री को एक लिखित ज्ञापन सौंपते हुए नगर में शीघ्र भगवान दक्ष प्रजापति चौक के निर्माण की मांग की गई।
ज्ञापन में राष्ट्रीय प्रजापति महासंघ के लिए सरकारी दरों पर निःशुल्क भूमि आवंटित करने की मांग भी उठाई गई। महासंघ का कहना है कि भूमि उपलब्ध होने पर गरीब, दिव्यांग, बेसहारा लोगों की सहायता, शिक्षा, हस्तकला, कौशल विकास तथा जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यों का संचालन प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र कुमार प्रजापति ने कहा कि समाज के सम्मान, अधिकारों और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर संगठन निरंतर संघर्ष करता रहेगा तथा जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर संजीव संगम प्रजापति, सोहनपाल सिंह प्रजापति, भूपेंद्र सिंह प्रजापति, इंद्रपाल प्रजापति, नरेंद्र कुमार प्रजापति, धीरज कुमार प्रजापति, विशाल कुमार प्रजापति, बिट्टू प्रजापति सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।