रक्षाबंधन पर सचिन-गौरव की पुण्यतिथि: मलिकपुर में जुटे राजनेता, हवन-पूजन कर दी श्रद्धांजलि

रक्षाबंधन पर सचिन-गौरव की पुण्यतिथि: मलिकपुर में जुटे राजनेता, हवन-पूजन कर दी श्रद्धांजलि

मुजफ्फरनगर:  वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान जान गंवाने वाले सचिन मलिक और गौरव तोमर की पुण्यतिथि पर शुक्रवार को उनके गांव मलिकपुर में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान हवन-पूजन किया गया और बड़ी संख्या में राजनीतिक एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने पहुंचकर दोनों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
पुण्यतिथि का यह कार्यक्रम इस बार रक्षाबंधन के दिन होने के कारण भावुक नजर आया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान, पूर्व विधायक उमेश मलिक, मंत्री कपिल देव अग्रवाल सहित जिला सहकारी बैंक के अध्यक्ष, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख और गन्ना समिति के अध्यक्ष समेत कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग शामिल हुए।
संजीव बालियान बोले- बहनों की अस्मिता की रक्षा के लिए शहीद हुए सचिन और गौरव

oplus_16

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजीव बालियान ने सचिन और गौरव को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि दोनों युवकों ने बहनों की अस्मिता और सम्मान की रक्षा के लिए अपनी जान गंवाई। उन्होंने रक्षाबंधन और पुण्यतिथि के एक ही दिन पड़ने को भावुक करने वाला संयोग बताया।
उन्होंने कहा, “देखो ये कैसा संयोग है कि आज उनकी पुण्यतिथि है और आज ही रक्षाबंधन भी है। हवन में भी आज उनकी बहन बैठी है।”

बालियान ने बताया कि सचिन और गौरव की स्मृति में स्मारक तैयार किया जा रहा है। जल्द ही स्मारक में दोनों की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013 की हिंसा में शहीद होने वाले अन्य लोगों की स्मृति को भी स्मारक में स्थान देने की योजना है।
2013 की घटना के बाद भड़की थी पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हिंसा

दरअसल, 27 अगस्त 2013 को मुजफ्फरनगर के जानसठ क्षेत्र के गांव कवाल में सचिन और गौरव की हत्या कर दी गई थी। इसके बाद जिले में पंचायतों का दौर शुरू हुआ और अगस्त 2013 में मुजफ्फरनगर सहित पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई थी।
इस हिंसा में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और हजारों लोग प्रभावित हुए। कई स्थानों पर राहत एवं शरणार्थी शिविर भी लगाए गए थे। मुजफ्फरनगर की यह घटना आज भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के राजनीतिक और सामाजिक इतिहास में एक महत्वपूर्ण अध्याय के रूप में याद की जाती है।
कपिल देव अग्रवाल बोले- रक्षाबंधन का दिन भावुक करने वाला
कार्यक्रम में मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने भी सचिन और गौरव को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि बहनों की रक्षा के लिए सचिन और गौरव की शहादत हुई थी। रक्षाबंधन के दिन उनकी पुण्यतिथि का होना इस अवसर को और अधिक भावुक बना रहा है।

oplus_16

उमेश मलिक ने भी किया याद
पूर्व विधायक उमेश मलिक ने सचिन और गौरव को श्रद्धांजलि देते हुए वर्ष 2013 की तत्कालीन परिस्थितियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय समाजवादी पार्टी की सरकार थी और उन्हें भी फर्जी मुकदमों में जेल जाना पड़ा था। उन्होंने कहा कि वर्तमान योगी सरकार में प्रदेश में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और अब बहन-बेटियों की ओर कोई आंख उठाकर नहीं देख सकता।
स्वामी यशवीर महाराज ने दी श्रद्धांजलि
कार्यक्रम में स्वामी यशवीर महाराज भी पहुंचे और सचिन एवं गौरव को श्रद्धांजलि अर्पित की। हवन-पूजन के दौरान परिवार के सदस्यों सहित मौजूद लोगों ने दोनों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

भाई की याद में भावुक हुईं गौरव की बहन शैली
पुण्यतिथि और रक्षाबंधन के मौके पर गौरव तोमर की बहन शैली अपने भाई को याद करते हुए भावुक हो गईं। उन्होंने कहा कि अगर आज उनका भाई जीवित होता तो वह रक्षाबंधन के दिन उसकी कलाई पर राखी बांधतीं।
उन्होंने 2013 में भाई की मौत की खबर मिलने के उस दौर को याद करते हुए कहा कि वह मंजर आज भी उनकी आंखों के सामने आ जाता है। रक्षाबंधन के दिन भाई की याद ने परिवार और वहां मौजूद लोगों को भी भावुक कर दिया।
सचिन और गौरव की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में श्रद्धांजलि के साथ-साथ वर्ष 2013 की घटनाओं और उस दौर में प्रभावित हुए परिवारों की याद भी ताजा हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *