राष्ट्रीय लोक अदालत को लेकर बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक, अधिक से अधिक वादों के निस्तारण के निर्देश

मुजफ्फरनगर, 10 सितंबर 2026: आगामी 12 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में गुरुवार को बैंक शाखा प्रबंधकों के साथ बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक वादों को चिन्हित कर उनका निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार 12 सितंबर 2026, द्वितीय शनिवार को जनपद मुजफ्फरनगर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति और सुलह-समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जाता है।
माननीय प्रभारी जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर के निर्देशानुसार गुरुवार को सिविल जज (सीनियर डिवीजन) एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मुजफ्फरनगर डॉ. सत्येंद्र कुमार चौधरी के विश्राम कक्ष में बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद के विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधकों ने भाग लिया।
बैठक में बैंक अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिक से अधिक बैंक संबंधी वादों को चिन्हित किया जाए तथा संबंधित मामलों के पक्षकारों से संपर्क कर आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के माध्यम से मामलों का निस्तारण कराने का प्रयास किया जाए।
बैठक में श्रीमती मनोरमा, श्रीमती सुप्रिया इक्का, अनिल कुमार, श्रीमती उमा शर्मा, श्रीमती पारूल सहित विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्देश्य अधिक से अधिक मामलों का त्वरित एवं सरल तरीके से निस्तारण कर पक्षकारों को राहत प्रदान करना है। बैठक के दौरान आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत में अधिकाधिक मामलों के निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से राष्ट्रीय लोक अदालत को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों एवं संस्थानों के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है।