राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अभिषेक प्रजापति ने जीता स्वर्ण पदक

राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप में अभिषेक प्रजापति ने जीता स्वर्ण पदक

सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश : राज्य स्तरीय ताइक्वांडो चैंपियनशिप-2026 में ताइक्वांडो एसोसिएशन मेरठ की ओर से प्रतिभाग करते हुए प्रतिभाशाली खिलाड़ी अभिषेक प्रजापति ने शानदार प्रदर्शन कर अंडर-63 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर मेरठ सहित अपने परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया।

11 से 13 सितंबर 2026 तक एस.एम. पी.जी. कॉलेज, सुल्तानपुर में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया। अभिषेक प्रजापति ने प्रतियोगिता के दौरान उत्कृष्ट खेल कौशल, अनुशासन, आत्मविश्वास और शानदार प्रदर्शन का परिचय देते हुए अपने मुकाबलों में सफलता हासिल की और स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

अभिषेक प्रजापति के कोच अंकित कुमार ने उनकी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता अभिषेक की कड़ी मेहनत, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि युवाओं को खेलों से जोड़कर उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन और नेतृत्व क्षमता विकसित की जा सकती है तथा उन्हें बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

अभिषेक के पिता महेक सिंह प्रजापति ने भी बेटे की शानदार उपलब्धि पर खुशी व्यक्त करते हुए इसे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने अभिषेक की सफलता का श्रेय उसकी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास को दिया।

अभिषेक प्रजापति की इस उपलब्धि पर उत्तर प्रदेश ताइक्वांडो एसोसिएशन के महासचिव श्री हरीश पाल जी ने भी ताइक्वांडो एसोसिएशन मेरठ को बधाई दी और अभिषेक प्रजापति के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

अभिषेक की इस सफलता से क्षेत्र के खेल प्रेमियों और युवाओं में भी उत्साह का माहौल है। उनकी उपलब्धि निश्चित रूप से अन्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने का कार्य करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *