नंगला गंगनहर पुल पर युवक-युवती के नहर में कूदने की कोशिश, महिला ने खींचकर बचाया

नंगला गंगनहर पुल पर युवक-युवती के नहर में कूदने की कोशिश, महिला ने खींचकर बचाया

मुज़फ्फरनगर। जिले के सिखेड़ा थाना क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर नंगला गंगनहर पुल पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और युवती को संदिग्ध परिस्थितियों में पुल की मुंडेर पर खड़े देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई। दोनों के नहर में कूदने की आशंका जताई जा रही थी। घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में युवक-युवती पुल की मुंडेर पर एक-दूसरे का हाथ पकड़े नजर आ रहे हैं। युवती स्कूल ड्रेस में दिखाई दे रही है, जबकि युवक टी-शर्ट और शॉर्ट्स पहने हुए है। आसपास मौजूद लोग दोनों को समझाकर सुरक्षित स्थान पर आने के लिए कह रहे थे।
इसी दौरान भीड़ में मौजूद एक महिला अचानक दोनों के पास पहुंची और उनका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींच लिया। महिला ने दोनों को पुल की जोखिम वाली जगह से हटाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। इसके बाद आसपास मौजूद लोगों ने भी युवक-युवती को पकड़ लिया।
दोनों के सुरक्षित बचने के बाद मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की। बाद में लोगों ने युवक और युवती को सिखेड़ा पुलिस के हवाले कर दिया।
बताया जा रहा है कि युवती थाना सिखेड़ा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है, जबकि युवक ककरौली क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। हालांकि, दोनों नहर में कूदने की कोशिश क्यों कर रहे थे, इसका स्पष्ट कारण अभी सामने नहीं आया है।
पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। घटना के संबंध में सामने आए वीडियो और अन्य तथ्यों के आधार पर पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *