मुजफ्फरनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पुलिस ने 10 लाख की कीमत की प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप, 3 लाख नकदी और कार सहित 3 तस्कर दबोचे

मुजफ्फरनगर पुलिस को मिली बड़ी सफलता

पुलिस ने 10 लाख की कीमत की प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप, 3 लाख नकदी और कार सहित 3 तस्कर दबोचे

उत्तर प्रदेश के जनपद मुजफ्फरनगर में थाना बुढ़ाना कोतवाली को एक बड़ी सफलता मिली है जिसमें पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप की तस्करी में संलिप्त 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग 10 लाख रुपये कीमत की 2,845 शीशियां प्रतिबंधित वेनेरेक्स कफ सिरप, 3 लाख रुपये नकद तथा तस्करी में इस्तेमाल एक आल्टो कार भी बरामद की है।

दरअसल जनपद मुजफ्फरनगर (परिक्षेत्र सहारनपुर) में मादक पदार्थों एवं प्रतिबंधित दवाओं के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन सवेरा” अभियान के अंतर्गत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में थाना बुढ़ाना पुलिस ने यह कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुढ़ाना-कांधला मार्ग से विज्ञाना जाने वाले रास्ते पर स्थित एक खंडहर के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमजद निवासी मेरठ, हाल निवासी विकासनगर उत्तराखंड, गुलवेज निवासी खतौली तथा जोएब निवासी लोनी गाजियाबाद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार मामले में शुभम निवासी गाजियाबाद नामक एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे प्रतिबंधित कफ सिरप को गाजियाबाद से खरीदकर उत्तराखंड में ऊंचे दामों पर बेचते थे और उससे होने वाले मुनाफे को आपस में बांट लेते थे। बरामद 3 लाख रुपये की नकदी भी इसी अवैध कारोबार से अर्जित की गई थी। पुलिस ने बताया कि आरोपी कफ सिरप की खेप को बेचने के लिए उत्तराखंड ले जा रहे थे, तभी उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना बुढ़ाना में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *