मुजफ्फरनगर में दिल्ली देहरादून हाइवे स्थित एक होटल में तोड़फोड़ और हंगामा, हिन्दू वादी नेता समेत तीन गिरफ्तार

मुज़फ्फरनगर। जनपद के छपार थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे स्थित एक होटल में हुई तोड़फोड़ और हंगामे की घटना के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, जिसके चलते पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 15 से 20 युवकों का एक समूह होटल में पहुंचा और वहां गाली-गलौज करते हुए जमकर हंगामा किया। आरोप है कि युवकों ने होटल में तोड़फोड़ भी की, जिससे होटल संचालक और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही छपार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने हिन्दू नेता आशीष शर्मा, हेमंत शर्मा और अभिषेक शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
एसएसपी संजय कुमार वर्मा ने बताया कि घटना के संबंध में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और मामले में शामिल सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को कानून व्यवस्था बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।