जनता के बीच पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मॉर्निंग वॉकर्स से किया सीधा संवाद

जनता के बीच पहुंचे मंत्री कपिल देव अग्रवाल, मॉर्निंग वॉकर्स से किया सीधा संवाद

कंपनी गार्डन में गंदगी एवं अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी, अधिकारियों को तत्काल सुधार के सख्त निर्देश

मुजफ्फरनगर 9 सितम्बर : जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के संकल्प के साथ मंत्री कपिल देव अग्रवाल आज प्रातः अपनी विधानसभा मुजफ्फरनगर के कंपनी गार्डन पहुंचे। उन्होंने यहां मॉर्निंग वॉक करने वाले नागरिकों के साथ टहलते हुए आत्मीय संवाद किया और पार्क से जुड़ी समस्याओं, नागरिक सुविधाओं तथा विकास कार्यों के संबंध में उनके सुझाव एवं शिकायतें सीधे सुनीं।

जनता के बीच संवाद के दौरान कंपनी गार्डन में कई स्थानों पर गंदगी, साफ-सफाई की कमी एवं अव्यवस्थाएं सामने आने पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को मौके पर बुलाकर स्थिति का निरीक्षण कराया और नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं स्वास्थ्य अधिकारी को साफ-सफाई व्यवस्था तत्काल दुरुस्त करने के स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि कंपनी गार्डन में नियमित सफाई, कूड़ा निस्तारण एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए तथा व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।

उन्होंने कंपनी गार्डन में चल रहे निर्माण एवं विकास कार्यों की भी जानकारी ली और निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए उन्हें गुणवत्तापूर्ण ढंग से निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। मंत्री ने स्पष्ट कहा कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि उनका प्रत्यक्ष लाभ आमजन को दिखाई देना चाहिए।

जनता की बात सुनना और मौके पर समाधान कराना ही जनसेवा का मूल उद्देश्य’

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल बैठकों और कार्यालयों तक सीमित नहीं है। जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को सुनना, वास्तविक स्थिति को स्वयं देखना और संबंधित अधिकारियों से तत्काल समाधान कराना ही जनसेवा की वास्तविक भावना है।*

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर को स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित और आधुनिक शहर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के विकास से जुड़े प्रत्येक कार्य की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

मंत्री कपिल देव ने कहा कि माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘स्वच्छ भारत’ के संकल्प ने देशभर में स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप दिया है। वहीं माननीय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित नगरीय व्यवस्था को प्राथमिकता दी जा रही है। इसी विजन को मुजफ्फरनगर में भी प्रभावी रूप से धरातल पर उतारने के लिए सरकार, प्रशासन एवं जनप्रतिनिधि निरंतर कार्य कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि ‘स्वच्छ मुजफ्फरनगर–सुंदर मुजफ्फरनगर’ के संकल्प को साकार करने में नागरिकों की सहभागिता भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने शहरवासियों से सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान पर डालने तथा स्वच्छता व्यवस्था में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

मॉर्निंग वॉकर्स ने मंत्री कपिल देव द्वारा स्वयं पार्क में पहुंचकर समस्याओं का जायजा लेने और अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित करने की सराहना की।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने नागरिकों को आश्वस्त किया कि जनता से जुड़े मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई और विकास कार्यों की निरंतर निगरानी का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।

उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर का विकास, नागरिक सुविधाओं का विस्तार और स्वच्छ-सुंदर वातावरण उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकताओं में है। जनता की अपेक्षाओं के अनुरूप शहर को बेहतर बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *