
मुजफ्फरनगर। भगवान परशुराम जन्मोत्सव के उपलक्ष्य में समाज को एकजुट करने और कार्यक्रमों को ऐतिहासिक स्वरूप देने के लिए ‘भगवान परशुराम जन्मोत्सव समारोह समिति’ ने अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में, भारतीय कॉलोनी स्थित चंद्रमणि शर्मा के निवास पर समिति की एक अति महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी भव्य आयोजनों की रूपरेखा और रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष जन्मोत्सव को अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। चर्चा का मुख्य केंद्र बिंदु 12 अप्रैल को आयोजित होने वाली ध्वज यात्रा एवं अभिषेक रहा। इसके साथ ही, 17 अप्रैल को निकलने वाली भव्य शोभायात्रा को लेकर विशेष रणनीति तैयार की गई। सदस्यों ने शोभायात्रा के मार्ग, स्वागत द्वारों और सुरक्षा व्यवस्था पर अपने सुझाव साझा किए।
समिति के अध्यक्ष शरणदीप कौशिक और संजय मिश्रा ने उपस्थित सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि कार्यक्रम की सफलता पूर्णतः आपसी समन्वय और अनुशासन पर निर्भर करती है। बैठक में सर्वसम्मति से सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को अलग-अलग विभाग सौंपते हुए उनकी जिम्मेदारियाँ तय की गईं। आह्वान किया गया कि इस बार की शोभायात्रा न केवल भव्य हो, बल्कि समाज में एकता और दिव्यता का संदेश भी दे।
बैठक में ब्राह्मण समाज के प्रबुद्ध जनों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर मुख्य रूप से: सुभाष शर्मा, सुरेंद्र शर्मा और चंद्रमणि शर्मा , संदीप शर्मा, लक्ष्मण शर्मा और रवि शर्मा, सुखबीर शर्मा, सचिन और कन्हैया सहित समाज के अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में जन्मोत्सव को भव्य, दिव्य और ऐतिहासिक बनाने का संकल्प लिया। अंत में, चंद्रमणि शर्मा ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और समाज के प्रत्येक व्यक्ति से इन आयोजनों में सपरिवार सम्मिलित होने की अपील की।